It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के स्वास्थ्य जांच व सर्वाइकल कैंसर शिविर में 106 नागरिक लाभान्वित
By Lokjeewan Daily - 29-06-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा शहर के चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में साप्ताहिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इसके तहत रविवार सुबह 6.30 से 8.30 बजे तक बापूनगर स्थित हेमू कॉलोनी पार्क में नि:शुल्क बीपी, शुगर जांच एवं सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 106 नागरिकों के वजन, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। शिविर में उपस्थित विषय विशेषज्ञों ने नागरिकों को जागरूक करते हुए बताया कि आधुनिक जीवनशैली में खान-पान और रहन-सहन में बदलाव जरूरी है। नियमित रूप से 40 मिनट तेज चाल से चलने, आहार में 50 प्रतिशत मात्रा सब्जी, फल व सलाद की रखने तथा वजन को नियंत्रित रखने से रक्तचाप और मधुमेह पर आसानी से काबू पाया जा सकता है। डॉक्टरों ने तनाव मुक्त रहने और रोजाना 7-8 घंटे की गहरी नींद लेने की सलाह दी ताकि व्यक्ति सामान्य व स्वस्थ जीवन जी सके।
शिविर के दौरान महिलाओं को साइलेंट किलर माने जाने वाले सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सा टीम ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में 14 से 15 साल की लड़कियों के लिए इसका टीका मुफ्त लगाया जा रहा है। वहीं, महिलाओं को नियमित अंतराल पर पैप स्मीयर जांच करानी चाहिए, जिससे इस कैंसर का समय रहते शुरुआती स्तर पर पता चल सके और उपचार आसान हो सके। शिविर में डॉ. फरजाना सिद्दीकी, डॉ. वी.के. चौहान, डॉ. फरियाद मोहम्मद, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी रमजान खान, मीरदाद खान, संदीप टेलर, रफीक बैग, अरविंद मसीह और राजकुमार खुराना ने अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा हिरण व मनोज पालीवाल ने शिविर में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए लैब टेक्नीशियन अंकित गुप्ता व लक्की खटीक का उपरणा ओढ़ाकर और माला पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में एलीट डायग्नोस्टिक एवं इमेजिंग सेंटर ने भी सामाजिक सरोकार के तहत तकनीकी सहयोग प्रदान किया। प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. फरियाद मोहम्मद ने बताया कि डॉक्टर्स डे साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत आने वाले दिनों में शहर के स्मृति वन, गांधीसागर पार्क और शिवाजी गार्डन में भी इसी तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अन्य सम्बंधित खबरे