It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

करेड़ा में छत के रास्ते मोबाइल शॉप में घुसे चोर, 40 स्मार्टफोन लेकर फरार - सीसीटीवी में मोदी का मुखौटा पहने संदिग्ध कैद - वारदात से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान
By Lokjeewan Daily - 29-06-2026

भीलवाड़ा/करेड़ा लोकजीवन। कस्बे के बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल शॉप में रविवार तडक़े चोरों ने फिल्मी अंदाज में सेंध लगाकर लाखों रुपये के स्मार्टफोन चोरी कर लिए। चोर दुकान के मुख्य दरवाजे से नहीं, बल्कि छत के रास्ते अंदर घुसे और करीब 30 से 40 महंगे स्मार्टफोन समेटकर फरार हो गए। वारदात के बाद व्यापारियों में रोष व्याप्त है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध कैद हुआ है, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाला परिधान पहन रखा था। इसी आधार पर पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में करेड़ा निवासी लक्ष्मीलाल सेन ने बताया कि बस स्टैंड पर उनकी मातेश्वरी मोबाइल जोन के नाम से दुकान संचालित है। रविवार सुबह करीब आठ बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान से वीवो, ओप्पो, आईटेल, रेडमी और रियलमी सहित विभिन्न कंपनियों के करीब 30 से 40 स्मार्टफोन गायब थे। चोरी गए मोबाइलों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बदमाश दुकान की छत पर चढ़ सीढिय़ों का तोड़ा ताला
प्राथमिक जांच में सामने आया कि बदमाश दुकान की छत पर पहुंचे और सीढिय़ों के गेट का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे महंगे मोबाइल फोन समेटे और उसी रास्ते फरार हो गए। घटना से यह भी संकेत मिले हैं कि चोरों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी और सुनसान रात का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खंगाले सीसीटीवी
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाला परिधान पहन रखा है। पुलिस का कहना है कि यह केवल पहचान का एक सुराग है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
दुकानदार की रिपोर्ट पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
पीडि़त दुकानदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और संभावित फरारी मार्गों की जांच की जा रही है। स्थानीय व्यापारियों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

अन्य सम्बंधित खबरे