It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

नौतपा से पहले दोपहर में सडक़ें सुनसान, अस्पतालों में बढ़े मरीज, जनजीवन अस्थिर
By Lokjeewan Daily - 19-05-2025

भीलवाड़ा लोकजीवन। नौतपा से पहले ही भीषण गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भीलवाड़ा में तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान 42 के करीब व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। तेज लू के थपेड़े व बढ़ते पारे इस असामान्य गर्मी का व्यापक प्रभाव शहर के दैनिक जीवन पर देखा जा रहा है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग हर संभव प्रयास कर रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सडक़ें सुनसान हो गई हैं। लोग गर्मी के कारण अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। आवश्यक काम वाले लोग भी छाता और अन्य सुरक्षात्मक उपायों के साथ ही बाहर निकल रहे हैं। शहर के मुख्य बाजार में आम दिनों में जहां चहल-पहल रहती थी, वहीं आजकल दोपहर में सन्नाटा पसरा रहता है।  दिन में गर्मी से बचने के लिए लोग सुबह और शाम को पार्कों और उद्यानों में जा रहे हैं। शहर के हरे-भरे स्थानों पर लोगों को टहलते, व्यायाम करते और परिवार के साथ समय बिताते देखा जा सकता है। पार्कों में बच्चों की किलकारियां और वयस्कों की हंसी गर्मी के इस मौसम में एक सुखद अहसास कराती हैं।  भीषण गर्मी के कारण अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। विशेष रूप से, उल्टी और दस्त के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर अरुण गौड़ ने बताया कि सभी चिकित्सक लोगों को गर्मी में सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।  लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से खुद को बचाने की जरूरत है।  शहर में कूलर और पंखों की बिक्री में भारी वृद्धि देखी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए शीतल पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है। शहर की जूस की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। गन्ने का रस, नींबू पानी और अन्य ठंडे पेय पदार्थ लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे