It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

भीलवाड़ा एनकाउंटर: अस्पताल में 'इनामी' का कड़ा पहरा, रिमांड पर साथी उगल रहा राज
By Lokjeewan Daily - 27-01-2026

जयपुर पुलिस भी ले सकती है जीतू की कस्टडी; हथियार तस्करी के नेटवर्क पर पैनी नजर

भीलवाड़ा लोकजीवन (लोकेश सोनी)| शहर के बाईपास पर शनिवार शाम को हुई सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद अब पुलिस की जांच की सुई मुख्य आरोपी और 10 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू के नेटवर्क पर टिक गई है। पैर में गोली लगने के बाद जीतू का महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार जारी है, जहाँ सर्जिकल वार्ड को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

हथियारों का जखीरा और 'ग्लेंजा' का रहस्य

​पुलिस की स्पेशल टीमें अब इस पड़ताल में जुटी हैं कि जीतू के पास अत्याधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस कहाँ से आए। वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद टोयोटा ग्लेंजा कार के इंजन और चेसिस नंबरों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। अंदेशा है कि यह वाहन चोरी का है या किसी अन्य बड़ी वारदात में इस्तेमाल किया गया है।

संदीप गुर्जर ने उगले 'सफेदपोशों' के नाम

​जीतू के पकड़े गए साथी संदीप गुर्जर से पुलिस लाइन में गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, संदीप ने जिले के उन स्थानीय सफेदपोशों और रसूखदारों के नाम उजागर किए हैं, जिन्होंने फरारी के दौरान बदमाशों को पनाह दी थी। पुलिस आज संदीप को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि फरार चल रहे अन्य गुर्गों का सुराग लग सके।

जयपुर-भीलवाड़ा पुलिस का 'ज्वाइंट ऑपरेशन' संभव

​जितेंद्र उर्फ जीतू केवल भीलवाड़ा ही नहीं, बल्कि जयपुर के दौलतपुरा और कोटपूतली क्षेत्र में भी वांटेड है। जयपुर पुलिस की एक विशेष टीम के मंगलवार शाम तक भीलवाड़ा पहुंचने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जीतू की गिरफ्तारी से प्रदेश में सक्रिय 'हथियार सप्लाई चेन' और गैंगवार की बड़ी साजिशों का पर्दाफाश होगा।

जांच के मुख्य बिंदु:

  • हथियारों से लैस पहरा: अस्पताल में 24 घंटे कमांडो तैनात, बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज।
  • डिजिटल सबूत: आरोपियों के मोबाइल जब्त, CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) के जरिए संपर्कों की तलाश।
  • टारगेट की तलाश: पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर ये बदमाश भीलवाड़ा में किस बड़ी वारदात (Target) को अंजाम देने आए थे।
  • CCTV निगरानी: शहर के प्रवेश द्वारों और बाईपास के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे