It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

दुर्गा अष्टमी पर उमड़ी श्रद्धा, घरों में कन्या पूजन के साथ शक्तिपीठों में हुए विशेष अनुष्ठान
By Lokjeewan Daily - 26-03-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को दुर्गा अष्टमी का पर्व जिले भर में हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर में कन्या पूजन के आयोजन हुए, जहाँ भक्तों ने छोटी कन्याओं को देवी का रूप मानकर उनके पैर पखारे, तिलक लगाया और उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन कराया। कन्याओं को उपहार व दक्षिणा भेंट कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। शहरी क्षेत्र के प्रमुख शक्तिपीठों और मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। रोडवेज बस स्टैंड स्थित शक्तिधाम में विशेष सजावट की गई, जहाँ माता का भव्य श्रृंगार कर महाआरती उतारी गई। इसी प्रकार, पुलिस लाइन के पीछे स्थित बाबा धाम में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। यहाँ पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। शहर के अन्य देवी मंदिरों में भी दुर्गा चालीसा के पाठ और भजन कीर्तनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शक्तिपीठों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम देखे गए। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर क्षेत्र में खुशहाली की मन्नत माँगी। अष्टमी के इस विशेष संयोग पर गुरुवार का दिन होने के कारण मंदिरों में विशेष धार्मिक ऊर्जा और उत्साह का माहौल नजर आया। 

अन्य सम्बंधित खबरे