It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

महावीरमय होगा भीलवाड़ा, जन्मकल्याणक महोत्सव 28 से, 25 हजार वर्गफीट का डोम तैयार
By Lokjeewan Daily - 26-03-2026


- 30 को अग्रवाल उत्सव भवन से निकलेगीशोभायात्रा
-  संत सानिध्य में होंगे तीन दिवसीय आयोजन
भीलवाड़ा। सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक अवसर पर 28 से 30 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शहर में इन दिनों धार्मिक उत्साह चरम पर है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अग्रवाल उत्सव भवन में करीब 25 हजार वर्गफीट का विशाल डोम तैयार किया जा रहा है, जहां प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि यह महोत्सव धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम बनेगा। मंत्री नरेश गोधा, लोकेश अजमेरा, प्रकाश गंगवाल, जम्बू जैन, अशोक कांटीवाल, दिनेश सेठिया और भेरूलाल बडज़ात्या सहित पदाधिकारी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। 28 मार्च को प्रात: भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद विशेष पूजन, सामूहिक नवकार मंत्र जाप, प्रवचन और धर्मसभा आयोजित की जाएगी। शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में भी धार्मिक आयोजन होंगे। 29 मार्च को भक्ति संध्या, भजन-कीर्तन और महावीर स्वामी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। आदिनाथ नवयुवक मंडल द्वारा कार्यक्रमों का संयोजन किया जाएगा। महिला मंडल और युवा वर्ग भी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। रात्रि में समाजजनों के लिए भव्य वात्सल्यभोज का आयोजन रहेगा। 30 मार्च को प्रात: 8:30 बजे अग्रवाल उत्सव भवन से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो मुख्य मार्गों से होती हुई भोपालगंज मंदिर गोल प्याऊ चौराहे तक पहुंचेगी। शोभायात्रा संत सानिध्य में निकलेगी, जिसमें मुनि श्री 108 सहज सागर जी महाराज, मुनि श्री 108 सुहित सागर जी महाराज एवं गणिनी आर्यिका 105 विद्या श्री माताजी ससंघ शामिल रहेंगे। शोभायात्रा में 24 पालकियों में विराजित 24 श्रीजी, पंजाब बैंड, नासिक ढोल, घोड़े, आकर्षक वाहन रैली, 4 विंटेज कार, एक डी.जे. वाहन, 24 ई-रिक्शा और जीवंत झांकियां विशेष आकर्षण होंगी। समाज के पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और आयोजन को सफल बनाएं।

अन्य सम्बंधित खबरे