मुख्य सामग्री पर जाएं

मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • राजस्थान हाउसिंग बोर्ड (RHB) प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों-जयपुर, भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में शनिवार को नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करेगा।
  • पूर्व मंत्री महेश जोशी को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
  • केंद्र सरकार इसी महीने संसद का विशेष सत्र बुला सकती है।
  • कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दीपके तिरंगा रैली में शामिल होने सेंट्रल पार्क जा रहे थे।
भीलवाड़ा

सुजुकी एन्क्लेव में डांडिया की खनक: दो दिवसीय गरबा महोत्सव का समापन, जमकर थिरके कॉलोनीवासी

ल

लोकजीवन संवाददाता

17 अक्टूबर 2026, 01:20 PM 2 मिनट में पढ़ें

सुजुकी एन्क्लेव में डांडिया की खनक: दो दिवसीय गरबा महोत्सव का समापन, जमकर थिरके कॉलोनीवासी

भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर के चित्तौडग़ढ़ रोड स्थित गुरु नानक पेट्रोल पंप के सामने, सुजुकी एन्क्लेव सोसाइटी में दो दिवसीय भव्य गरबा महोत्सव का हर्षोल्लास व उमंग के साथ समापन हुआ। शारदीय नवरात्रि के पावन उपलक्ष्य पर आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना, महाआरती और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। शंखनाद और मां के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप महापौर राधेश्याम सोमानी, पार्षद मनीष छीपा, प्रमुख उद्योगपति रामपाल सोनी तथा त्रिलोकचंद छाबड़ा ने शिरकत की। समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का तिलक लगाकर और दुपट्टा पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया। इसके पश्चात अतिथियों ने माता रानी की अखंड ज्योत के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी और कार्यक्रम का विधिवत आगाज़ किया। समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि डांडिया और गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन आस्था, समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का अनुपम संगम हैं। आज की आधुनिक जीवनशैली और भागदौड़ के दौर में इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सनातन जड़ों, संस्कारों और रीति-रिवाजों से जोडऩे में सेतु का कार्य करते हैं। वक्ताओं ने रेखांकित किया कि ऐसे पावन धार्मिक उत्सव समाज के हर वर्ग, बच्चे, बुजुर्ग और युवाओं को एक सूत्र में पिरोकर सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को प्रगाढ़ करते हैं। अतिथियों ने आवासीय परिसर में इस प्रकार के सुरुचिपूर्ण आयोजन के लिए विकास समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समिति अध्यक्ष संजय राठी एवं सचिव अनुज मूंदड़ा ने बताया कि गरबा रास में पारंपरिक चनिया-चोली, कुर्ती-पायजामा और पगड़ी पहनकर आए युवाओं व महिलाओं ने हाथों में डांडिया थामकर ताल से ताल मिलाई। गुजराती लोकगीतों, बॉलीवुड के भक्तिमय तरानों और ढोल की थाप पर देर रात तक थिरकन का दौर चलता रहा। आकर्षक रोशनी और साउंड सिस्टम से सजा परिसर पूरी रात उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कोषाध्यक्ष श्याम समदानी ने  सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, कॉलोनीवासियों और आयोजन को सफल बनाने वाली कार्यकारिणी टीम का आभार व्यक्त किया।  

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें