मुख्य सामग्री पर जाएं

शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • राजस्थान हाउसिंग बोर्ड (RHB) प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों-जयपुर, भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में शनिवार को नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करेगा।
  • पूर्व मंत्री महेश जोशी को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
  • केंद्र सरकार इसी महीने संसद का विशेष सत्र बुला सकती है।
  • कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दीपके तिरंगा रैली में शामिल होने सेंट्रल पार्क जा रहे थे।
भीलवाड़ा

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव: गांवों की ‘सरकार’ चुनने के लिए उत्साह, दोपहर 1 बजे तक 29.27% मतदान कुछ स्थानों पर इवीएम खराब

पंचायत चुनाव पहला चरण: जिला परिषद के 22 तथा 9 पंचायत समितियों के 177 सदस्य चुनेंगे 8.91 लाख मतदाता

ल

लोकजीवन संवाददाता

22 अक्टूबर 2026, 11:05 AM 8 मिनट में पढ़ें

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव: गांवों की ‘सरकार’ चुनने के लिए उत्साह, दोपहर 1 बजे तक 29.27% मतदान कुछ स्थानों पर इवीएम खराब

भीलवाड़ा लोकजीवन। पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद के 28 सदस्यों तथा नौ पंचायत समिति के 177 सदस्यों के लिए चुनाव आज हो रहे हैं। ग्रामीणों में गांवों की ‘सरकार’ चुनने के लिए उत्साह है। कई गांवों में महिलाएं घूंघट में मतदान केंद्र पहुंची और वोट डाला।  सुबह 7 बजे से ही 1110 पोलिंग बूथों पर इवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से वोटिंग शुरू हो गई। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच  शाम 6 बजे तक कुल 8 लाख 94 हजार 918 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इसके बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य इवीएम में बंद हो जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिले में  दोपहर 1 बजे तक 29.27% मतदान हुआ है।  जिला परिषद के 28 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक तांत्रिक पार्टी सहित कुल 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 31 महिलाएं किस्मत आजमा रही। नौ पंचायत समितियों बिजौलियां, जहाजपुर, खजूरी, कोटड़ी, मांडलगढ़, बनेड़ा, करेड़ा, मांडल एवं सुवाणा के 177 वार्डों में 466 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। पोलिंग बूथों पर आज सुबह 7 बजे से पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गई। मॉक पोल हुआ। इसके बाद वास्तविक मतदान शुरू हुआ। कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आई है। मांडल क्षेत्र में केरिया में एक बूथ पर इवीएम में खराबी पर उसे बदलना पड़ा। कोटड़ी क्षेत्र में लसाडिय़ा में इवीएम खराब हो गई। नई इवीएम आने के बाद मतदान शुरू हुआ। बरुंदनी क्षेत्र के सिंगोली चारभुजा में एक बूथ पर दिन में इवीएम में कांग्रेस प्रत्याशी का बटन जाम हो गया। इस कारण वोटिंग रुकी। प्रत्याशी हाथ जोडक़र मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं।  सुबह 10 बजे तक 11.26 प्रतिशत (1 लाख 765) मतदाताओं ने मतदान किया। बिजौलियां में सबसे अधिक 17.01 प्रतिशत तथा सुवाणा में सबसे कम 9.73 प्रतिशत वोट पड़े। बनेड़ा में 10.39, जहाजपुर में 11.65, करेड़ा में 12.84, कोटड़ी में 9.76, खजूरी में 13.61, मांडल में 10.14 व मांडलगढ़ में 10.61 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। 
दोपहर 1 बजे तक बिजौलियां में सर्वाधिक 34.48 प्रतिशत तथा मांडलगढ़ में सबसे कम 24.25 प्रतिशत मतदान हुआ। बनेड़ा में 28.17, जहाजपुर में 27.98, करेड़ा में 28.89, कोटड़ी में 30.08, खजूरी में 30.71, मांडल में 31.86, सुवाणा में 29.16 व मांडलगढ़ में 24.25 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग की।  राज्य निर्वाचन आयोग से नियुक्त पंचायत चुनाव पर्यवेक्षक  सोहन लाल, जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू तथा एसपी सागर राणा भी निरंतर मतदान पर नजर रखे हुए हैं। विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। 


जेन जी में खासा उत्साह


मतदान को लेकर जेन जी खासकर पहली बार वोट देने वाले युवाओं में खासा उत्साह है। वे वोट देने के बाद अपनी सेल्फी भी ले रहे हैं। हलेड़ मतदान केंद्र के बाहर वोट देकर सेल्फी लेती युवतियां।


95 वर्षीय पूर्व उप सरपंच ने डाला वोट


मांडलगढ़ पंचायत समिति के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय होड़ा मतदान केंद्र पर 95 वर्षीय बुजुर्ग पूर्व उपसरपंच सूर्य देवी जोशी ने वोट डाला। उन्होंने लोकतंत्र के महोत्सव में एक-एक वोट की क्या कीमत होती है, उसके प्रति लोगों को जागरूकता मैसेज दिया। सूर्यदेवी अपने पौत्र दिव्यांग दंपति अमित जोशी, नीतू पारीक सहित पौत्र अतुल जोशी, पौत्र वधू अमिता पारीक, पुत्र वधू मंजू जोशी के साथ मतदान केंद्र पहुंची। 


मतदान केंद्रों के बाहर कराए मोबाइल जमा


मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक है। ऐसे में कई मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल फोन रखने के लिए विशेष काउंटर बनाए गए हैं। यहां वोट डालने आने वाले मतदाता अपने मोबाइल फोन जमा करवा रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर स्थानीय लोगों ने दो-दो काउंटर बनाए हैं, जहां मतदाताओं के मोबाइल फोन रखे जा रहे हैं। इससे वोट डालने आने वाले लोगों को मोबाइल सुरक्षित रखने में परेशानी नहीं हो रही है।


संवेदनशील बूथों पर हथियारबंद जवान


मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। संवेदनशील बूथों पर सशस्त्र जवान तैनात किए हैं जो आने-जाने वाले प्रत्येक वोटर की चेकिंग कर रहे हैं। इसी के बाद मतदान केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा। प्रत्येक वोटर का मोबाइल भी बाहर रखवाया जा रहा है। बूथ के 200 मीटर दूर तक किसी भी तरह प्रचार प्रसार और लोगों की भीड़ को रोका गया है।


कोई गड़बड़ी हो तो यहां करें शिकायत


पंचायत चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने या शिकायत होने पर आम जनता कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम तथा जिला चुनाव पर्यवेक्षक सोहन लाल को शिकायत कर सकती है। पर्यवेक्षक सर्किट हाउस के कमरा संख्या 102 में ठहरे हैं। चुनाव संबंधी विषयों एवं आवश्यक जानकारी के लिए उनसे दूरभाष नंबर 01482-236498 पर संपर्क किया जा सकता है।

कुराछों का खेड़ा के ग्रामीणों ने किया मतदान बहिष्कार का ऐलान


आसींद। आसींद कस्बे से मात्र 10 किलोमीटर दूर कुराछों का खेड़ा के ग्रामीणों ने पुन: रूपपुरा ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग को लेकर मतदान बहिष्कार का ऐलान किया है। आज सुबह गांव के चारभुजा मंदिर परिसर में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक गांव को पुन: रूपपुरा ग्राम पंचायत में शामिल नहीं किया जाएगा, तब तक किसी भी चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। गांव के दोनों तरफ मतदान बहिष्कार के बैनर भी लगाए हैं। बैनरों पर लिखा-‘सही सोच, सही फैसला—मतदान बहिष्कार’ और ‘लोकतंत्र का सही स्वरूप जनता की मर्जी से चलेगा’। दीवारों पर भी मतदान बहिष्कार के नारे लिखे हैं। 


एक किलोमीटर दूर रूपपुरा, लेकिन नौ किलोमीटर दूर बागमाली पंचायत


ग्रामीण चांदमल शर्मा ने बताया कि कुराछों का खेड़ा गांव पहले रूपपुरा ग्राम पंचायत में आता था, जिसकी दूरी गांव से मात्र एक किलोमीटर है। लेकिन राजनीतिक के चलते गांव को 9 किमी दूर बागमाली ग्राम पंचायत में जोड़ दिया। इससे ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी होती। ग्रामीण अभिषेक ने बताया कि करीब 200 घरों की बस्ती वाले गांव में लगभग 600 मतदाता हैं। ग्रामीणों ने पूर्व में भी एसडीओ, कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों में आपत्तियां दर्ज करवाईं।  ज्ञापन दिए, पर समाधान नहीं हुआ।

दोपहर 1 बजे तक कहां-कितने प्रतिशत मतदान
पंचायत समिति    वार्ड    मतदाता        वोटिंग *
बनेड़ा         17    91400    28.17
बिजौलियां     15    59270    34.48
जहाजपुर     17    93299    27.98
करेड़ा         17    95259    28.89
कोटड़ी         27    138651    30.08
खजूरी         15    67744    30.71
मांडल         21    106036    31.86
मांडलगढ़     21    102559    24.25
सुवाणा         27    140700    29.16
कुल        177    894918    29.27
* मतदान प्रतिशत में
————

 

चुनाव में वाहन नहीं भेजे तो हो सकता एक साल का कारावास, आरसी  निरस्त

पंचायत आम चुनाव 2026 के लिए अधिग्रहित वाहन निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर उपलब्ध नहीं कराने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशों की पालना में जिला परिवहन विभाग के उडऩदस्तों द्वारा ऐसे वाहन स्वामियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। 
जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी ने बताया कि अधिग्रहण आदेशों में अंकित तिथि, स्थान एवं समय पर वाहन की रिपोर्टिंग नहीं करवाना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों की धारा 167 के तहत प्रदान किये गये आदेशों की पालना नहीं करने पर वाहन स्वामियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। इसके तहत दोषी पाए जाने पर एक वर्ष तक का कारावास या जुर्माना अथवा दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है।
ऐसे वाहनों को चिन्हित कर जिनके वाहन स्वामियों द्वारा अपना वाहन उपलब्ध नहीं करवाने के तहत कानूनी कार्यवाही अमल में लाते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 86 के तहत कार्यवाही एवं  मोटर वाहन अधिनियम की धारा 53 तहत वाहन का पंजीयन प्रमाण पत्र निरस्त करने की कार्यवाही प्रस्तावित है। इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन स्वामियों से कहा कि वे चुनाव कार्य के लिए जारी अधिग्रहण आदेशों की पालना सुनिश्चित करें तथा निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर अपने वाहन उपलब्ध करवाए जिससे अनावश्यक विधिक कार्यवाही का सामना न पडना सकें। 

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें