मुख्य सामग्री पर जाएं

मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, घना धुआं दिखाई दिया, दमकल की कई गाड़ियां रवाना
  • अजमेर-डिस्कॉम के 14जिलों में किसानों को मिलेगी दिन में बिजली
  • जयपुर से पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी के लिए सोमवार को नई स्पेशल ट्रेन शुरू होगी।
  • ब्राजील में 80 साल के लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने चौथी बार राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया
  • चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक भयानक तूफान में बदल सकता है।
भीलवाड़ा

सूने मकान से 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी ले उड़े चोर

- रायला थाना क्षेत्र के ईरास ग्राम की घटना - एक सप्ताह में दूसरी बड़ी चोरी से आक्रोश

ल

लोकजीवन संवाददाता

27 अक्टूबर 2026, 12:29 PM 4 मिनट में पढ़ें

सूने मकान से 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी ले उड़े चोर

 भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले के रायला थाना क्षेत्र के ईरास ग्राम पंचायत में चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बीते कुछ ही दिनों के भीतर गांव में हुई दूसरी बड़ी चोरी की घटना से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और भय का माहौल बन गया है। ताजा मामले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद गुलाबपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।  जानकारी के अनुसार, ईरांस निवासी अमित धोबी पुत्र रामनिवास धोबी के मकान को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने शातिर तरीके से मकान की खिडक़ी या रोशनदान की जाली को तोड़ा और आसानी से कमरे के अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी लोहे या लकड़ी की पेटी को औजारों की मदद से जबरन तोड़ दिया। पेटी के अंदर रखे कीमती जेवरात और नकदी निकालकर चोर मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली और उन्होंने सामान बिखरा देखा, तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए और सनसनी फैल गई। अमित धोबी ने थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि चोरों ने घर में रखा अधिकांश कीमती सामान समेट लिया है। चोरी गए सामान में लगभग 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी शामिल है। पीड़ित के अनुसार, चोर सोने के  12 बड़े मुनिये, एक तोला वजनी लॉकेट, एक तोला वजनी कानों की झुमरिया, आधा तोला सोने की टॉप्स, आधा तोला वजनी मादलिया, एक तोला सोने का मादलिया रामनामी तथा आधा तोला सोने की हाथ की अंगूठी, 
चांदी की दो जोड़ी पायजेब, 400 ग्राम चांदी के अन्य आभूषण तथा 250 ग्राम वजनी चांदी की करगती और  पेटी में रखे गए 60 हजार रुपये नकद ले गए।  

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश
 ईरांस गांव में यह पहली चोरी नहीं है। इससे कुछ ही दिन पूर्व इसी गांव में नारायण जाट के मकान को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया था। उस बड़ी वारदात के दौरान चोर करीब 10 तोला सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण चुराकर ले गए थे, जिसका खुलासा अभी तक पुलिस पूरी तरह नहीं कर पाई है।
महज एक सप्ताह के भीतर लगातार दो बड़ी चोरियों की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लचर कार्यशैली के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त को तुरंत प्रभाव से बढ़ाया जाए। चोरी की इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। पूर्व में हुई नारायण जाट की चोरी और ताजा अमित धोबी के यहां हुई चोरी—दोनों वारदातों का शीघ्र खुलासा किया जाए। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चुराया गया माल बरामद किया जाए। घटना के बाद से पुलिस इलाके में संदिग्धों की तलाश और पूछताछ में जुट गई है, लेकिन ग्रामीणों में अब भी भारी रोष और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें