आस्था की ज्योति से झिलमिलाए घाट, उगते सूर्य को अघ्र्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
- पूजा में घाटों पर उमड़ा जनसैलाब - गूंजे छठी मईया के जयकारे
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज। लोक आस्था, अनुशासन और कठोर साधना के चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार को उगते सूर्य को उषा अघ्र्य देने के साथ ही भव्य और गरिमामयी समापन हो गया। तडक़े चार बजे से ही भीलवाड़ा शहर के मान सरोवर झील, नेहरू तलाई, हरणी महादेव और अन्य प्रमुख जलाशयों व घाटों पर श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पैर रखने की भी जगह नहीं बची। हर तरफ गूंजते छठी मईया के पारंपरिक लोकगीतों और भजनों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया।
चार दिवसीय इस अनूठे महापर्व की शुरुआत गत दिनों ‘नहाय-खाय’ के साथ हुई थी, जिसके बाद खरना और संध्या अघ्र्य के पवित्र अनुष्ठान संपन्न हुए। सोमवार की अलसुबह मान सरोवर झील और नेहरू तलाई के घाट दीपों की झिलमिलाती रोशनी और पूजन सामग्री की खुशबू से महक उठे। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर पूरी निष्ठा, एकाग्रता और श्रद्धा के साथ उगते सूर्य को अघ्र्य अर्पित किया। इस दौरान महिलाओं ने करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखकर सूर्यदेव और छठी मैया की कठोर उपासना की और परिवार की खुशहाली, संतान की दीर्घायु व आरोग्य की कामना की।
घाटों पर दिखा अदभुत सांस्कृतिक संगम
भीलवाड़ा में पूर्वांचल संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली, जहां स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढक़र इस महापर्व में शिरकत की। अलसुबह से ही शहर के विभिन्न मार्गों पर हाथों में सूप, मौसमी फल, ठेकुवा और पूजन सामग्री सजाए श्रद्धालुओं के जत्थे कतारबद्ध होकर घाटों की ओर बढ़ रहे थे। मान सरोवर झील और नेहरू तलाई पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच नगर निगम और स्थानीय समितियों द्वारा रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा की बेहतरीन व्यवस्थाएं की गईं। मुस्तैद गोताखोरों और पुलिस बल ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।
व्रत का पारण और प्रसाद वितरण
उषा अघ्र्य के पश्चात व्रती महिलाओं ने अन्न-जल ग्रहण कर अपने कठिन उपवास का पारण किया। घाटों पर उपस्थित परिजनों और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की बधाइयां दीं और प्रसाद ग्रहण किया। सूर्योपासना के इस महाकुंभ के शांतिपूर्ण संपन्न होने के साथ ही शहर में एक बार फिर भाईचारे और उत्सव का उल्लास छा गया।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
मेडिकल कॉलेज भीलवाड़ा की बड़ी उपलब्धि: पहले पीजी बैच का 100 फीसदी परिणाम, सभी 8 विद्यार्थी सफल
14 घंटे पहले
सीए छात्रा की मौत मामला: लवकुश मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग का शिकंजा, चस्पा किया नोटिस; 3 दिन में हाजिर नहीं होने पर लाइसेंस होगा निरस्त
14 घंटे पहले
मौसम के मिजाज से बढ़ी मुश्किलें: पारे के अंतर से एमजीएच में उमड़ी मरीजों की भीड़
20 घंटे पहले
आचार्य पुलकसागर बोले भीलवाड़ा वालों के दिलों में रहेंगे हम, विदाई की बेला में भावुक हुए नयन
20 घंटे पहले
सीए छात्रा की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत का आरोप: मेडिकल स्टोर को लगाई आग, हुआ जमकर हंगामा, तहसीलदार ने की दुकान सीज
एक दिन पहले
छठ महापर्व: खरना पर गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर शुरू हुआ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत
एक दिन पहले