मुख्य सामग्री पर जाएं

शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • सीएम भजनलाल की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात:प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा
  • 64 विला-कॉटेज खरीद मामले में IAS-शिखर अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ीं
  • राहुल गांधी ने गुरुवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ हुए संवाद के दौरान कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव वैध नहीं था। इसमें कई फर्जी मतदाता थे।
भीलवाड़ा

तुलसी संग ब्याह रचाने पहली बार पधारे मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजानाथ, सजीव झांकी और भजनों पर झूम उठे हजारों श्रद्धालु

- 16 हजार 108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव आज - 9 प्रमुख मंदिरों के ठाकुरजी संग निकलेगी दिव्य बारात

ल

लोकजीवन संवाददाता

19 नवम्बर 2026, 07:35 PM 2 मिनट में पढ़ें

तुलसी संग ब्याह रचाने पहली बार पधारे मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजानाथ, सजीव झांकी और भजनों पर झूम उठे हजारों श्रद्धालु

 

भीलवाड़ा. धर्मनगरी की पुण्य धरा गुरुवार शाम एक अलौकिक और ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब मेवाड़ धणी राजाधिराज श्री गढ़बोर चारभुजानाथ पहली बार बाराती बनकर सपरिवार भीलवाड़ा की धरती पर पधारे। श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति व श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित हो रहे ऐतिहासिक 16,108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महामहोत्सव के लिए जैसे ही ठाकुरजी पुर रोड स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर पहुंचे, समूचा वातावरण जय चारभुजानाथ के गगनभेदी जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। आयोजन के सूत्रधार गोवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय, मुख्य आचार्य योगेंद्र शर्मा, समिति अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी और संयोजक एसएन गग्गड़ के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते और पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी की शाही अगवानी की। पुजारी मुरारी पांडे ने आरती कर राजभोग अर्पित किया। बिलिया होते हुए आजादनगर स्थित विश्राम स्थल आनंदम भवन पहुंचने तक मार्ग में भक्तों ने पलक-पांवड़े बिछाकर स्वागत किया।

आज रचेगा इतिहास, 9 ठाकुरजी बनेंगे बाराती

वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कचोलिया ने बताया कि महामहोत्सव का मुख्य पाणिग्रहण संस्कार शुक्रवार को होगा। सुबह 8.15 बजे आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल से बारात शोभायात्रा निकलेगी। इसमें गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ, दूधाधारी गोपालजी, संजय कॉलोनी चारभुजानाथ, सांगानेर चारभुजानाथ, रावला चारभुजानाथ बिलिया, शेष सहायजी मांडल, दांथल श्याम और सांवरिया सेठ नोगांवा के बेवाण शामिल होंगे। सुबह 11.15 बजे तोरण और दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा।

 

कथा पंडाल छोटा पड़ा, भजनों पर झूमे भक्त

इससे पूर्व मेडिसिटी ग्राउंड में सुबह भात मनोरथ और दोपहर में तीन दिवसीय रुक्मणी मंगल कथा की पूर्णाहुति हुई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते विशाल पंडाल भी छोटा पड़ गया। कथावाचक कृष्णतनय ने रुक्मणी विवाह प्रसंग सुनाते हुए कहा कि परमात्मा को पाने की सच्ची लगन हो तो हर बाधा दूर हो जाती है। इस दौरान सजी श्रीकृष्ण-रुक्मणी की सजीव झांकी और 'मुझे श्याम सुंदर की दुल्हन बना दो' भजन पर भक्त भावविभोर होकर नाच उठे। शाम को तुलसी महारानी के आयोजन स्थल पहुंचने पर महिलाओं ने मंगल गीतों से स्वागत किया। व्यासपीठ पूजन में विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, छगनलाल जैन और मुख्य यजमान बालूलाल पोरवाल सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। संचालन हंसा व्यास ने किया।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें