मुख्य सामग्री पर जाएं

बुधवार, 25 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार रात 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी।
  • भारत-चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका
भीलवाड़ा

सोना सस्ता होने से शादी वाले घरों में रौनक, गोल्ड लोन वालों पर अतिरिक्त रकम का संकट

ल

लोकजीवन संवाददाता

25 नवम्बर 2026, 01:11 PM 3 मिनट में पढ़ें

सोना सस्ता होने से शादी वाले घरों में रौनक, गोल्ड लोन वालों पर अतिरिक्त रकम का संकट

 भीलवाड़ा। सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट ने बाजार में दोहरी तस्वीर पेश कर दी है। एक तरफ जहां शादी-ब्याह की तैयारियों में जुटे परिवारों के लिए गहनों की खरीदारी का बजट आसान हुआ है, वहीं बच्चों की पढ़ाई, मकान निर्माण और कारोबार के लिए गहने गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने वाले परिवारों के सामने अचानक अतिरिक्त रकम जमा कराने की चुनौती खड़ी हो गई है। बाजार के आंकड़ों के अनुसार २२ अक्टूबर को सोने का भाव १३५,५०० रुपए प्रति १० ग्राम था, जो एक महीने के भीतर २२ नवंबर तक १३.६ प्रतिशत घटकर १,१७,४०० रुपए प्रति १० ग्राम पर आ गया। सोने का बाजार मूल्य गिरने से बैंक और वित्तीय संस्थानों में गिरवी रखे जेवरों की वैल्यू भी कम हो गई है। ऐसे में निर्धारित लोन-टू-वैल्यू (एलटीवी) अनुपात बनाए रखने के लिए कर्जदाताओं पर अतिरिक्त राशि जमा कराने या और सोना गिरवी रखने का दबाव बन सकता है।
एक लाख के सोने पर ११५४ रुपए का अंतर

इस आर्थिक गणित को एक उदाहरण से समझा जा सकता है। यदि किसी ग्राहक ने २२ अक्टूबर को १,००,००० रुपए मूल्य का सोना गिरवी रखकर ८५ प्रतिशत अनुपात के हिसाब से ८५,००० रुपए का कर्ज लिया था, तो भाव में १३.६ प्रतिशत की गिरावट के बाद उस सोने का अनुमानित मूल्य घटकर करीब ८६,६४२ रुपए रह गया है। नए बाजार मूल्य का ८५ प्रतिशत करीब ७३,६४६ रुपए ही बनता है। इस स्थिति में पुराने ८५,००० रुपए के कर्ज और नई मूल्यांकन सीमा के बीच सीधे तौर पर ११३५४ रुपए का अंतर आ गया है। जिन परिवारों ने कर्ज की रकम पहले ही फीस, इलाज या मकान निर्माण में खर्च कर दी है, उनके लिए अचानक इस अंतर की भरपाई करना बड़ी चिंता बन गया है।
आरबीआई के स्लैब और कर्जदारों के लिए जरूरी सलाह
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के नियमों के तहत उपभोग के लिए दिए जाने वाले गोल्ड लोन पर ऋण राशि के अनुसार अधिकतम एलटीवी सीमा अलग-अलग तय की गई है:
२.५० लाख रुपए तक के ऋण पर अधिकतम ८५ प्रतिशत तक लोन। २.५० लाख से ५ लाख रुपए तक के ऋण पर अधिकतम ८० प्रतिशत तक लोन। ५ लाख रुपए से अधिक के ऋ ण पर अधिकतम ७५ प्रतिशत तक लोन। सभी गोल्ड लोन पर एक समान ८५ प्रतिशत की सीमा लागू नहीं होती है और मूल्यांकन व भुगतान की शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सोने के भाव में गिरावट ने जरूरतमंद परिवारों के सामने वित्तीय संतुलन साधने की परीक्षा खड़ी कर दी है। ऐसे में कर्जदारों को घबराने के बजाय तुरंत अपने बैंक या वित्तीय संस्थान से संपर्क करना चाहिए। ग्राहक वर्तमान बकाया राशि, नए मूल्यांकन, लागू एलटीवी सीमा तथा नीलामी व ब्याज से जुड़ी शर्तों की लिखित स्पष्टता लेकर ही आगे की भुगतान योजना बनाएं।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें